मेरठ-करनाल हाईवे पर सड़क पार करते ट्रक चालक की मौत
सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव बपारसी के गन्ना क्रय केंद्र के निकट बृहस्पतिवार रात पैदल सड़क पार करते समय एक ट्रक चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
ट्रक मालिक बड़ौत निवासी विपिन पुत्र सहदेव ने शुक्रवार को कोतवाली पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। बताया कि उसके ट्रक पर हरवीर (60) पुत्र मथन सिंह निवासी बदरखां छपरौली बागपत निवासी चालक के रूप में काम करता था। वह सरधना क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों से खतौली शुगर मिल में ट्रक से गन्ने की ढुलाई करता था। बृहस्पतिवार रात हरवीर बपारसी के गन्ना क्रय केंद्र पर ट्रक खड़ा कर सड़क पार कर रहा था। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से उसकी मौत हो गई। मुल्हेडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।