झिटकरी में सड़क पार कर रहे वृद्ध को ट्रक ने कुचला
सरधना। सरधना-कुशावली मार्ग पर झिटकरी गांव के सामने बृहस्पतिवार सुबह सड़क हादसे में 65 वर्षीय किसान को अज्ञात ट्रक चालक ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
झिटकरी गांव निवासी किसान सुभाष (65) पुत्र कलीराम बृहस्पतिवार सुबह सरधना-कुुशावली मार्ग पर स्थित अपने खेतों पर गया था। सुबह करीब दस बजे वह सड़क पार कर रहा था। इसी बीच ट्रक ने उसे कुचल दिया। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों और खेतों में काम कर रहे लोगों ने सुभाष के परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे घायलावस्था में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया। सीएचसी पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुभाष सिंह ने बताया कि मृतक सुभाष के पुत्र अमरीश ने गांव के ही एक ट्रक चालक रामगिरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शादी में शामिल होकर लौट रहे युवक की बाइक पिलर से टकराई, मौत
हस्तिनापुर। बहसूमा से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे एक युवक की बाइक बृहस्पतिवार सुबह मवाना-गणेशपुर के बीच अनियंत्रित होकर पिलर से टकरा गई। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मवाना के मोहल्ला मुन्नालाल निवासी बाबू (23) पुत्र शफीक बृहस्पतिवार को बहसूमा में अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गया था। वह बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे बाइक पर अपने घर लौट रहा था। गणेशपुर-मवाना के बीच बाबा मोहन राम मंदिर के समीप मोड़ रजबहे पर पहुंचा तो तीव्र गति से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पिलर से जा टकराई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से पुलिस को मना कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत तीव्र गति से बाइक के पिलर से टकराने के कारण हुई है, जिस कारण परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से मना कर दिया।