मेरठ। गांवडी डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट लगकर तैयार हो गया है। निगम प्रशासन ने सोमवार को मशीनों का ट्रायल किया। हालांकि एक दिन बाद विधिवत रूप से प्लांट का संचालन शुरू करने की तैयारी है। प्लांट की स्थिति जानने के लिए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी समर्थकों के साथ गांवड़ी पहुंचे। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह में ही कूड़े से बिजली बननी शुरू हो जाएगी।
शहर के कूड़े को निस्तारित करने के लिए प्लांट लगाने की कवायद नौ साल से चल रही थी। लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। इसके कारण शहर में जगह-जगह कूड़े की पहाड़ी बन गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन में सरकार ने कूड़ा निस्तारण प्लांट को जरूरी कर दिया। इसका असर अब गांवड़ी डंपिंग ग्राउंड पर दिखने लगेगा। नगर निगम ने अपने स्तर से ही गांवड़ी में कूड़ा निस्तारण प्लांट खड़ा कर दिया। जहां दिन में भाजपा नेता डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी प्लांट संचालन की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। वहीं नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार और वित्त नियंत्रक संतोष शर्मा ने देर शाम प्लांट का ट्रायल कराया। सभी मशीनों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही प्लांट के उद्घाटन के लिए शासन को सूचना भेजने का निर्णय लिया।
सोमवार रात में भी कर्मचारी प्लांट के कार्य को पूरा करने में जुटे रहे। नगर आयुक्त का कहना है कि प्लांट लगभग तैयार हो गया है। एक दो दिन में इसका विधिवत शुभारंभ कराया जाएगा। डॉ. वाजपेयी ने कहा कि दिल्ली रोड पर लगाए जा रहे प्लांट पर दिसंबर माह से बिजली बननी शुरू हो जाएगी। जो यूपी में पहला प्लांट होगा। इनके साथ राजीव रस्तौगी, संजय शर्मा, विवेक वाजपेयी, अखिलेश शास्त्री, संजीव प्रधान, संजय सम्राट, कुलदीप वाल्मीकि, गौरव शर्मा, विकास मित्तल, पंकज राजपूत, मोहित गोयल, शिवा वेद, हजारी लाल आदि मौजूद रहे।