मेरठ। गंगनहर पटरी किनारे सड़क निर्माण को लेकर काटे जा रहे पेड़ों के मामले में बृहस्पतिवार को एनजीटी में सुनवाई हुई। अब इस मामले में सुनवाई के लिए 9 अगस्त की तारीख दी गई है। सपा के सरधना विधायक अतुल प्रधान और अधिवक्ता सुहैल शाह समेत अन्य लोग एनजीटी पहुंचे।
अधिवक्ता और विधायक ने बताया कि सुनवाई में कुछ अफसर देरी से पहुंचे। उनकी ओर से दायर की गई याचिका में पिछली सुनवाई में एनजीटी ने निर्देश दिया था कि सर्वे आफ इंडिया के जरिए गंग नहर पटरी के पूर्व एवं वर्तमान की स्थिति के फोटो विभाग उपलब्ध कराएं। बृहस्पतिवार को एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) में सुनवाई में न तो अधिकारियों ने रिपोर्ट पेश की है और न ही सर्वे आफ इंडिया के जरिए मांगी गई फोटो उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने बताया कि अब एनजीटी ने सुनवाई के लिए 9 अगस्त की तारीख तय की है। अब अधिकारियों को सर्वे ऑफ इंडिया के जरिए 9 अगस्त को गंगनहर पटरी के किनारे की पूर्व एवं वर्तमान की स्थिति की फोटो और अधिकारियों को अपने रिपोर्ट दाखिल करनी होगी।
विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि गंगनहर पटरी के किनारे सड़क निर्माण को काटे जा रहे 1,12000 पेड़ पौधों के मामले में एनजीटी की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इसमें लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही सामने आएगी।