मेरठ। सोहराब गेट डिपो की अनुुबंधित बस में किराया मांगने पर शुक्रवार रात मंगलामुखी ने बस परिचालक पर फावड़े से हमला कर दिया। इससे परिचालक हसरत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल में भर्ती कराया है। चालक-परिचालक ने तीन मंगलामुखी पर झगड़ा कर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि सोहराबगेट बस डिपो से एक बस बुलंदशहर के लिए जा रही थी। इस बस को चालक रमेश चंद्र चला रहे थे और परिचालक हसरत यात्रियों से किराया ले रहे थे। जैसे ही बस शास्त्रीनगर स्थित एसबीआई बैंक के सामने पहुंची। तीन मंगलामुखी बस में चढ़ गए। परिचालक ने इनसे किराये की मांग की। इस बात पर उनका परिचालक से विवाद हो गया। इसी दौरान तीनों बस से उतर गईं। परिचालक गेट पर खड़ा था। तभी किसी अन्य राहगीर या यात्री का फावड़ा उठाकर परिचालक के सिर पर हमला कर दिया। एसपी सिटी का कहना है कि इस मामले में थाना पुलिस को मंगलामुखी पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। एक मंगलामुखी को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।