सरधना। सरूरपुर थाना पुलिस ने तार चोर गिरोह का खुलासा किया।
सरूरपुर(मेरठ)। थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तार व ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, तेल व विद्युत लाइन बरामद की है। दो आरोपी फरार बताए गए हैं।
एसपी देहात अनिरूद्ध कुमार व सीओ बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच सरूरपुर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने मुजीब पुत्र मोहम्मद हसन व जावेद पुत्र तैयब कस्बा हर्रा को करनावल गेट से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से विद्युत ट्रांसफार्मर के पुर्जे, बिजली लाइन का तार, तेल, प्लेट बरामद किया। आरोपियों के पास से एक हरियाणा नंबर की स्विफ्ट गाड़ी भी बरामद हुई।
सीओ ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर कई क्विंटल तार व तेल शामली जिले से भी बरामद हुआ है। वहां पर गिरोह के सदस्य माल बेचते थे। बताया कि शाहरुख उर्फ बावला निवासी मैनापूठी व भाई शाहनवाज उर्फ ओना उर्फ छोटू तरीकत अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है। पुलिस के अनुसार, शाहरुख और बावला पर मेरठ व मुजफ्फरनगर के थानों में डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।