डायट में प्रशिक्षण में प्रतिभाग करते शिक्षक। (स्त्रोत डायट) मवाना।
मवाना। जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान छोटा मवाना में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है।
प्रवाह-प्रज्ञा नाम से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी तरह से मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों पर आधारित है। कार्यक्रम का उद्घाटन डायट प्राचार्य नोज कुमार आर्य ने किया। संबोधन में प्राचार्य ने शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षकों में मानवीय मूल्यों, संवैधानिक कर्तव्यों एवं अधिकारों की गहन समझ विकसित करना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जब शिक्षक इन मूल्यों से समृद्ध होंगे, तभी वे विद्यार्थियों में नैतिकता, लोकतांत्रिक सोच एवं एक जिम्मेदार नागरिकता का विकास कर सकेंगे।
प्रशिक्षण की नोडल प्रवक्ता प्रियंका ने उपस्थित शिक्षकों के समक्ष इस त्रिवसीय प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्यों एवं इससे अपेक्षित शैक्षिक परिणामों पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में सलमान मैराज, लता राठौड़, प्रियंका, डॉ. पूजा शर्मा, डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ. अमित सिंह, पिंकी शर्मा, आदि उपस्थित रहे।