ट्रेनें रद्द, सिटी स्टेशन से बसों से देहराूदन जा रहे यात्री
मेरठ। तीन महीने तक देहरादून जाने वाली एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों के रद होने से यात्री परेशान हैं। आमतौर पर गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान आदि राज्योें से यात्री हरिद्वार और देहरादून जाते हैं। इस रूट पर आने वाली देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस भरतपुर तक चलाई जा रही है। अहमदाबाद से वाया मेरठ, हरिद्वार तक जाने वाली योगा एक्सप्रेस का संचालन मेरठ तक ही किया जा रहा है। इससे प्रभावित हुए यात्रियों को मेरठ से टूरिस्ट बसें हरिद्वार और देहरादून का सफर करा रही हैं।
ट्रेनों के रद होने के बाद ही सिटी स्टेशन पर रोजाना सुबह टूरिस्ट बसें आकर खड़ी हो जाती हैं। योगा एक्सप्रेस के आने के बाद यात्री इन बसों मेें सवार होकर हरिद्वार और देहरादून जाते हैं। वहीं इन बसों के चलने से पार्किंग ठेकेदार ने भी वसूली तेज कर दी है। इन बसों से किराया वसूलने की जिम्मेदारी रेलवे की है, लेकिन पार्किंग ठेकेदार ने एक बस की एक हजार रुपये की रसीद काट दी। इस मामले को सिटी स्टेशन के मुख्य टिकट निरीक्षक ने पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि एक बस के सिटी स्टेशन पर प्रति महीना पार्किंग करने का किराया 710 रुपये है।
नौचंदी में बढ़ा यात्रियों का लोड, पैसेंजर रही रद
देहरादून जाने वाली ट्रेनों के रद होने से सबसे ज्यादा परेशानी मुजफ्फरनगर और सहारनपुर की तरफ जाने वाले दैनिक यात्रियों को झेलनी पड़ रही है। शाम के समय दैनिक यात्रियों को सहारनपुर से मेरठ आने वाली नौचंदी एक्सप्रेस में सफर करना पड़ रहा है। इस ट्रेन में यात्रियों के अधिक लोड के कारण आरक्षित कोच में भी यात्री खचाखच भरे हैं। दैनिक यात्रियों का कहना है कि नौचंदी में तीन महीने के लिए कोच संख्या बढ़ाई जाए। वहीं, शुक्रवार को मुजफ्फरनगर के पास ट्रैक पर कार्य होने से हरिद्वार-दिल्ली पैसेंजर ओर दिल्ली-अंबाला पैसेंजर भी रद रहीं।
18 से 26 नवंबर तक ये ट्रेनें भी रहेंगी प्रभावित
मुजफ्फरनगर-नांगल और मुजफ्फरनगर-टपरी के बीच विद्युतीकरण और ट्रैफिक ब्लॉक के चलते 18,19,22,25 और 26 नवंबर को भी ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इसमें ऋषिकेश-दिल्ली और दिल्ली जंक्शन-ऋषिकेश पैसेंजर सहारनपुर से ऋषिकेश के बीच रद रहेगी। वहीं, अंबाला-दिल्ली जंक्शन और दिल्ली-अंबाला पैसेंजर सहारनपुर से दिल्ली के बीच रद रहेगी। नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन इन तिथियों में मेरठ सिटी स्टेशन तक किया जाएगा।