मुजफ्फरनगर। गंगा बैराज पर जलस्तर बढ़ने के बाद वाया मीरापुर होकर बिजनौर व मुरादाबाद व अन्य स्थानों को जाने वाली बसों का आवागमन बंद हुआ है। इस मार्ग पर चलने वाली निगम की रोडवेज बस वाया मेरठ व गजरौला होकर बिजनौर आदि स्थानों पर जा रही है। बिजनौर जाने के लिए 60 किलोमीटर वाला सफर 202 किलोमीटर व 84 रुपये के स्थान पर किराया भी 301 रुपये हो गया है ।
पहाड़ों में बारिश होने व पहाड़ों से गंगा में ज्यादा पानी छोड़े जाने से मुजफ्फरनगर व बिजनौर जनपद की सीमा पर बने गंगा बैराज में पानी का जलस्तर खतरे के निशान पर बह रहा है। जिस कारण मुजफ्फरनगर से होकर बिजनौर, मुरादाबाद आदि स्थानों पर जाने वाली निगम की बसों का आवागमन इस मार्ग पर बंद कर दिया गया है। इन बसों को वाया मेरठ व गजरौला होकर बिजनौर आदि स्थानों पर भेजा जा रहा है। वाया मीरापुर होकर बिजनौर जाने के लिए 60 किलोमीटर का सफर करना पड़ता था। 84 रुपये किराया लगता था। अब 202 किलोमीटर सफर करने के साथ ही किराया भी 142 रुपये ज्यादा भुगतान करना पड़ रहा है। वाया मीरापुर होकर बिजनौर जाना यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है।
उधर बताया गया कि बिजनौर जाने वाली अनुबंधित बसें मुजफ्फरनगर से मीरापुर बाइपास तक ही जा रही है। परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा का कहना है कि बिजनौर जाने वाले यात्रियों की संख्या शून्य के बराबर है।