मुख्य मार्ग पर जाम के कारण वाहनों की कतार। (मवाना)
- मेरठ-हस्तिनापुर मार्ग पर बढ़ा वाहनों का दबाव
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले मखदूमपुर और गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान मेले के चलते क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही तेज हो गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और भैंसा-बुग्गियों के लंबे काफिलों के साथ ही मवाना शुगर मिल का पेराई सत्र शुरू होने से मेरठ-हस्तिनापुर मार्ग पर वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ गया है। इसके कारण बृहस्पतिवार को पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही।
मवाना के मुख्य बाजार और चौराहों पर सुबह से ही गंगा स्नान मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की शुरुआत हो गई। इसी बीच गन्ने से लदे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के मार्ग पर उतरने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। वाहनों के आड़े-तिरछे फंसने के कारण घंटों तक वाहन रेंगते रहे, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, कर्मचारियों और आम राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जाम की इस गंभीर समस्या के पीछे सड़क के दोनों ओर फैला स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण मुख्य कारण है। दुकानदारों और ठेले वालों द्वारा सड़क की पटरियों तक सामान फैला लेने से मुख्य मार्ग काफी संकरा हो गया है। लोगों का आरोप है कि मेले से पूर्व पुलिस और नगर पालिका प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटवाने के लिए कोई ठोस अभियान नहीं चलाया गया।
थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि यातायात व्यवस्थित करने के लिए चौराहों पर पुलिस तैनात की गई है और फोर्स की मांग की गई है।