ट्रैफिक कांस्टेबल ने युवक को थप्पड़ मारा, हंगामा हुआ
मेरठ। रेलवे रोड चौराहे पर ट्रैफिक कांस्टेबल द्वारा बाइक सवार युवक को बृहस्पतिवार सुबह थप्पड़ मारने के बाद बखेड़ा हो गया। करीब 10 मिनट तक बीच सड़क पर हंगामा चलता रहा। बाद में ट्रैफिक कांस्टेबल ने युवक को शांत कराकर वहां से भेजा।
सिसौली निवासी पंकज गौतम अपने एक साथी के साथ बृहस्पतिवार सुबह कोचिंग जा रहे थे। रेलवे रोड चौराहे पर अचानक ट्रैफिक कांस्टेबल ने बाइक रुकवा ली। आरोप है कि पंकज ने जब बाइक रोकने का कारण पूछा तो ट्रैफिक कांस्टेबल ने उसे थप्पड़ मार दिया। पंकज ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों में नोकझोंक शुरू हो गई। आसपास के लोग एकत्र हो गए।
पंकज का कहना था कि पुलिस को थप्पड़ मारने का अधिकार नहीं है। फिर उसे थप्पड़ क्यों मारा गया। लोगों की भीड़ जमा होते देख ट्रैफिक कांस्टेबल ने भी पंकज पर अभद्रता करने का आरोप लगा दिया। पंकज और उसका मित्र अफसरों से शिकायत करने की बात पर अड़ गए।
हंगामा बढ़ता जा रहा था, तभी पास खड़े ट्रैफिक होमगार्ड ने स्थिति को संभाला और माफी मांगकर मामला शांत कराया। पुलिस की चेकिंग और कार्रवाई को लेकर पहले भी हंगामे होते रहे हैं। मेडिकल थाने में तैनात दरोगा ने भाजपा नेता के बेटे के साथ अभद्रता की थी। इस पर हंगामा हो गया। इसके अलावा हाशिमपुरा में चालान काटने को लेकर हंगामा हो चुका है।
--