मेरठ। गोला कुंआ चौराहे पर ई-रिक्शा के कारण लगातार जाम लगा रहता है। इस कारण क्षेत्र का व्यापार भी चौपट हो रहा है। व्यापारियों की इस समस्या को लेकर बुधवार को संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष तरुण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम के नाम ज्ञापन अधिकारियों को देकर जाम की समस्या का समाधान कराने की मांग की।
अधिकारियों को दिए ज्ञापन में व्यापरियों ने कहा कि शहर में ई-रिक्शा की अनियंत्रित व्यवस्था के कारण बाजारों में आवागमन बाधित हो रहा है। खासतौर पर गोला कुआं पर जहां ई-रिक्शा बेवजह रुकते हैं और अपना अड्डा बना लेते हैं। प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट के बावजूद ई-रिक्शा चालक निर्धारित मार्गों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे न केवल बाजारों में ट्रैफिक का भारी दबाव बना रहता है, बल्कि व्यापार भी चौपट हो रहा है। उन्होंने ज्ञापन में एक संयुक्त बैठक बुलाए जाने की मांग की, जिसमें आरटीओ, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस समेत जिम्मेदार अधिकारी शामिल हों। इस दौरान अध्यक्ष सरताज गाजी, महामंत्री मेहुल रस्तोगी, धनवीर प्रजापति, शानू, राजू, सोहेल, फैजान, मंजूर, सलमान आदि मौजूद रहे।