व्यापारियों ने नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी व चेयरमैन से निर्माण कार्य चालू कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़। नगर पंचायत द्वारा मुख्य बाजार में सड़क निर्माण कार्य अचानक बंद करने पर सोमवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। व्यापारियों ने नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी व चेयरमैन को लिखित में शिकायत करते हुए शीघ्र ही अधूरा निर्माण कार्य चालू कराने की मांग की है।
नगर पंचायत द्वारा नगर में हनुमान सिंह चौक से भरत सिंह चौक तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ था लेकिन सड़क निर्माण का कार्य मुख्य बाजार में पूरा नहीं हो सका है। व्यापारियों का कहना है करीब 12 वर्ष पूर्व सड़क बनी थी लेकिन नगर पंचायत ने अचानक निर्माण कार्य अधूरा रोक दिया। इससे ग्राहक दुकानों तक नहीं आ रहे हैं। व्यापारियों के साथ दूरदराज से पहुंचे ग्राहकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पाइप लाइन का कार्य करने के लिए रास्ते को उखाड़ दिया गया। बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं लेकिन नगर पंचायत इस तरफ ध्यान नहीं दे रही है।
सोमवार को व्यापारियों में नगर पंचायत के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा और एकत्रित होकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों ने कहा कि नगर पंचायत मुख्य बाजार में लगभग एक किलोमीटर अधूरी पड़ी सड़क के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा नहीं किया जाता तब तक पानी की टंकी का बिल व हाउस टैक्स जमा नहीं करेंगे। उन्होंने नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार शर्मा व चेयरमैन हिटलर त्यागी को लिखित में शिकायत पत्र देकर सड़क निर्माण कार्य कराने की मांग की है।
इस दौरान विशाल गोयल, जमील, भोपाल प्रजापित, अफजल, मनु पंडित, सचिन यादव, मंगल सैन,पवन, राजीव बंसल, अनुज गर्ग, संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।