- धिशासी अभियंता ने रात्रि ड्यूटी पर तैनात लाइनमैनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर के भारत एन्क्लेव उत्सव मंडप के पीछे स्थित बिजली निगम के फीडर नंबर दो में सोमवार तड़के करीब 2:15 बजे अचानक विद्युत फॉल्ट होने से कई लोगों के विद्युत उपकरण जल गए। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर अधिशासी अभियंता से शिकायत की गई। अधिशासी अभियंता ने रात्रि ड्यूटी पर तैनात लाइनमैनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
फीडर दो में फॉल्ट के चलते भारत एन्क्लेव में एक फेज डाउन हो गया और वोल्टेज का उतार-चढ़ाव शुरू हो गया। इस गड़बड़ी के चलते व्यापारी शैवाल दुबलिश और इंद्रजीत जैन के इन्वर्टर जल गए। घटना के तुरंत बाद महादेव बिजली घर के एसएचओ मुकुल त्यागी को सूचना दी गई, लेकिन तड़के 4:00 बजे तक समस्या का कोई निस्तारण नहीं हुआ। इसके बाद तड़के 4:30 बजे व्यापारियों द्वारा अधिशासी अभियंता सतीश चंद्र को कॉल कर स्थिति से अवगत कराया गया। इसके बाद उनके हस्तक्षेप पर 4:50 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी।
लापरवाही से नाराज संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष शैवाल दुबलिश के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता से उनके कार्यालय में मुलाकात की और रात्रि ड्यूटी पर तैनात लाइनमैनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों संबंधित लाइनमैनों को 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
व्यापारियों ने अधिशासी अभियंता को एक विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा, जिसमें आईजीआरएन शिकायत का हवाला देते हुए 2:25 से 4:25 बजे तक हुई पूरी घटना की जांच, कॉल व फॉल्ट लॉग की पड़ताल, क्षतिग्रस्त उपकरणों की क्षतिपूर्ति और रात्रिकालीन व्यवस्था में सक्षम अधिकारियों की ऑन-कॉल तैनाती की मांग की गई। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि केवल फॉल्ट ठीक होने का हवाला देकर मामले को बंद करना स्वीकार्य नहीं होगा और कार्रवाई न होने पर प्रकरण उच्च अधिकारियों व विद्युत नियामक आयोग के समक्ष उठाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से शैवाल दुबलिश, इंद्रजीत जैन, राजबीर सिंह, मांगेराम मित्तल, अंकित जैन, मोहम्मद नदीम और संजीव रस्तोगी शामिल रहे।