दौराला। सकौती बाजार में एक सप्ताह पहले व्यापारियों में दहशत फैलाने के लिए की गई फायरिंग के मामले में शुक्रवार को व्यापारी एकत्रित होकर दौराला थाने पहुंचे और आरोपी के न पकड़े जाने पर विरोध जताया। आरोप लगाया कि आरोपी लगातार व्यापारियों को फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। चेतावनी दी कि यदि दो दिन में आरोपी नहीं पकड़ा गया तो विरोध में बाजार बंद किया जाएगा।
सकौती पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर 10 जनवरी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाजार में फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। फायरिंग के बाद बाजार बंद हो गया। कुछ व्यापारी बदमाशों के पीछे भी भागे, लेकिन बदमाश धमकी देकर भाग निकले थे। इस मामले में दौराला थाने पर व्यापारियों ने पहुंचकर तहरीर भी दी थी, परंतु अब तक पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
शुक्रवार को व्यापारी इकट्ठे होकर दौराला थाने पहुंचे। व्यापारियों ने मुकदमा दर्ज न होने और आरोपियों के न पकड़े जाने पर विरोध जताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें लगातार व्हाट्स एप पर कॉल कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पहले रंगदारी मांगी जा रही थी, परंतु अब गोली मारने की धमकी दी जा रही है। व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने दो दिन में कार्रवाई नहीं होने पर बाजार बंद की चेतावनी दी है। पुलिस ने व्यापारियों को समझा बुझाकर शांत कराया और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया।
सीओ दौराला शुचिता सिंह ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है। जिस नंबर से कॉल कर धमकी दी जा रही है, उसकी लोकेशन ट्रेस करने लिए नंबर साइबर सेल को भेज दिया गया है।