संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़। छह दिन पूर्व नगर के मुख्य बाजार में सयुंक्त व्यापार संघ अध्यक्ष के भाई की किराना की दुकान में चोरी के मामले में पुलिस खाली हाथ है। चोरी की वारदात का खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर रखी है।
नगर के मुख्य बाजार में संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष सुधीर गर्ग के बड़े भाई सतीश चंद गर्ग की धर्मदास मुंशीलाल एंड संस के नाम से किराना की दुकान है। छह दिन पूर्व 5 दिसंबर की रात व्यापारी सतीश चंद गर्ग अपनी दुकान का ताला लगाकर मेरठ गंगानगर अपने आवास पर गया था। इसी बीच चोर छत पर सीढि़यों का दरवाजा तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए और दुकान में रखा गल्ला तोड़कर उसमें से 1.15 लाख रुपये की नकदी व 300 ग्राम चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए थे। पुलिस चोरों की तलाश में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। व्यापारियों ने चोरी की वारदात का खुलासा नहीं होने पर रोष बना हुआ है। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष सुधीर गर्ग ने बताया कि पुलिस चोरी की वारदात का खुलासा करने में नाकाम रही है। इसे लेकर व्यापारियों में रोष है। पुलिस का कहना है कि चोरों के नजदीक पहुंच गए हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
थानाध्यक्ष सुदीश कुमार सिरोही ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।