- व्यापारियों ने विभागीय कार्यालय पहुंचकर दर्ज कराई अपनी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। माप-तौल व खाद्य विभाग की कार्रवाई से आशंकित व्यापारियों ने बुधवार को विभागीय कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। कार्यालय का रास्ता बंद होने और बैठने की जगह न मिलने पर नाराजगी भी जताई।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मवाना इकाई के पदाधिकारियों ने माप-तौल विभाग में पहुंचकर दिवाली के त्योहारी सीजन में व्यापारियों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विभागीय अधिकारियों के साथ गंभीर चर्चा की। संघ के संरक्षक शैवाल दुबलिश, अध्यक्ष मांगेराम मित्तल एवं महामंत्री अंकित जैन ने कहा कि दिवाली जैसे बड़े त्योहारी सीजन में व्यापारी एक ओर माप-तौल विभाग की दंडात्मक कार्रवाई से आशंकित हैं तो दूसरी ओर खाद्य विभाग की सैंपलिंग ड्राइव और छापों के डर से परेशान हैं, जबकि एफएसएसएआई ने भी हाल ही में 29 सितंबर को देशव्यापी सर्विलांस और एन्फोर्समेंट के निर्देश जारी किए हैं।
माप-तौल अधिकारी सूरजभान वर्मा ने व्यापारियों को स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार पैकिंग सामान बेचने वाले दुकानदारों को पैकिंग खर्च व वस्तु का मूल्य नियमानुसार स्पष्ट दर्शाना अनिवार्य है। उल्लंघन पर चालान काटा जाएगा। इस पर व्यापार मंडल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि छोटी-मोटी तकनीकी त्रुटियों पर तत्काल चालान करने के बजाय पहले नियमों की स्पष्ट लिखित जानकारी देकर जागरूकता का अवसर दिया जाना चाहिए।
व्यापारियों ने सवाल उठाया कि यदि हर कदम पर नोटिस, सैंपल और चालान का डर बना रहेगा तो व्यापारी व्यापार पर ध्यान न देकर फाइलों का ही जवाब देता रहेगा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि व्यापारी नियमों के पालन के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसके लिए नियम स्पष्ट होने चाहिए। कार्रवाई से पूर्व जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए।
बाट माप निरीक्षक सूरज भान ने बताया कि व्यापारी नियम आदि की जानकारी के लिए आए थे, जिसकी जानकारी दे दी गई है।
मवाना। माप-तौल कार्यालय में व्यापारी नियम समझने पहुंचे थे, वहां एलएफसी फूड कोर्ट खुलने के बाद पुराना रास्ता बंद हो चुका है और व्यापारियों को छत के रास्ते दूसरे जीने से उतरकर रसोई वाले हिस्से से होकर कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है, जहां बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। कम से कम विभागीय दफ्तर तक पहुंचने का सुगम रास्ता तो उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इस संबंध में माप-तौल विभाग के निरीक्षक सूरज भान ने बताया कि दो माह से ऑफिस में आने के लिए खुले रेस्टोरेंट से होकर आना पड़ता है। कार्यालय बदले जाने के लिए कार्रवाई की जा रही है, गन्ना समिति में कार्यालय खोले जाने के लिए कार्रवाई कर दी गई है। अनुमति मिलते ही वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।