नोट: अलीगढ़ के ध्यानार्थ
नेशनल हाईवे पर दौराला थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ )। दिल्ली-दून हाईवे पर लोइया मोड़ के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार डीसीएम ने कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में तीन कांवड़िये घायल हो गए। दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद एक कांवड़िये की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दौराला थाना पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ के गोरई थाना क्षेत्र के शहरी मंथन गढ़ी निवासी गौरव पुत्र जयवीर सिंह, राजन पुत्र वीरेंद्र सिंह और उत्तम पुत्र हरिओम सिंह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। रविवार सुबह दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर लोइया मोड़ के पास पीछे से आए डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में गौरव, राजन और उत्तम घायल हो गए। सूचना पर दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उत्तम की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।