करीब दो माह पूर्व कोतवाली देहात थाने से चोरी ट्रैक्टर सिपाही के घर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने सिपाही को हिरासत में ले लिया है। ट्रैक्टर चोरी में सिपाही के साथ कई और लोग भी बताए जा रहे हैं। पुलिस सिपाही से पूछताछ करने में जुटी है। आरोपी सिपाही उसी थाने में तैनात है, जिस थाने से ट्रैक्टर चोरी हुआ है। वह बागपत जिले के गांव मारकपुर का रहने वाला है।
बिजनौर जनपद में कोतवाली देहात थाने के गांव बनवारी पुर निवासी सोनू व निक्की गांव के पास क्रेशर में क्रिकेट खेल रहे थे। गांव रहमापुर निवासी सचिन व भोबिन से उनका विवाद हो गया। सोनू व निक्की पर बैट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में सोनू के भाई संजय कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस आरोपी भोबिन के घर पर खड़े उसके रिश्तेदार राजीव का ट्रैक्टर व रोटावेटर थाने ले आई।
थाने से दो मई को ट्रैक्टर व रोटारवेटर चोरी कर लिया गया। इसे लेकर हड़कंप मच गया। पुलिस पर ट्रैक्टर चोरी की तभी से उंगली उठने लगी। भाकियू ने इसे लेकर आंदोलन शुरू कर दिया। एसपी संजीव त्यागी ने थाने में तैनात 14 पुलिस वालों के खिलाफ इस मामले में प्रारंभिक जांच शुरू करा दी। इसके बाद पुलिसवालों पर कार्रवाई की तलवार लटकी थी। पुलिस की कई टीम ट्रैक्टर को बरामद करने में लग गई।
पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम ने चोरी हुए ट्रैक्टर को बागपत जिले के गांव मारकपुर में सिपाही राहुल के घर से बरामद किया है। राहुल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है। राहुल कोतवाली देहात थाने में कम्प्यूटर विभाग में तैनात है। ट्रैक्टर चोरी के मामले में उस पर किसी की नजर नहीं थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रैक्टर चोरी में राहुल के साथ और कौन लोग शामिल है। एसपी ने ट्रैक्टर बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता मिलने की बात कही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/