मुजफ्फरनगर में जीटी रोड पर स्थित धर्मस्थल में तोड़फोड़ कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। इस घटना से खफा लोगों ने दूसरे समुदाय के आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। लोगों ने आरोपी को रासुका में निरुद्ध करने की मांग लेकर थाने में पुलिस का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों के गुस्से को शांत किया। दो समुदाय के बीच का मामला होने से प्रशासनिक मशीनरियां हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मोहल्ला इस्लामनगर की एक मस्जिद में बुलंदशहर और पश्चिम बंगाल के लोग रुके हुए हैं। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 9.30 बजे एक आरोपी ने जीटी रोड पर स्थित जैन कीर्ति स्तंभ के निकट स्थित धर्मस्थल में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। धर्मस्थल का कांच का शीशा तोड़ दिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता मनोज सैनी धर्मस्थल में साफ सफाई कर रहा था। तोड़फोड़ होने की आवाज पर वह पीछे से धर्मस्थल के गेट पर पहुंचा। उसने देखा कि दूसरे समुदाय का व्यक्ति मंदिर में तोड़फोड़ कर रहा है। उसने उस व्यक्ति को पकड़ लिया और धर्मस्थल के अंदर से खींचकर बाहर निकाला। इस दौरान धर्मस्थल में भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ ने आरोपी की धुनाई कर दी। इस घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से आरोपी को किसी तरह छुड़ाया। सूचना मिलने पर सीओ आशीष प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम जिला बुलंदशहर के खुर्जा के मोहल्ला राधा कृष्ण निवासी मूसा पुत्र मोहम्मद इस्लाम बताया। धर्मस्थल में तोड़फोड़ की खबर मिलने पर काफी लोग एकत्र हो गए। नाराज लोगों ने इस घटना को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। कार्यकर्ता एकत्र होकर थाने में पहुंचे। थाने में पुलिस का घेराव करते हुए आरोपी पर रासुका लगाने की मांग की। इंस्पेक्टर ने आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर बमुश्किल लोगों के गुस्से को शांत किया।
भाजपा कार्यकर्ता मनोज सैनी की ओर से आरोपी मूसा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को मुकदमा दर्जकर जेल भेज दिया गया है। माहौल शांतिपूर्ण है। किसी तरह का कोई तनाव नहीं है।
- हरसरन शर्मा, इंस्पेक्टर, खतौली।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/