- बूढ़ा शिव मंदिर में सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। कस्बे में स्थित प्राचीन बूढ़ा शिव मंदिर में मंगलवार को धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य बृजमोहन बिश्नोई ने प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और चोला चढ़ाकर उनका भव्य शृंगार किया।
बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के तत्वावधान में श्री बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल की टीम भी पहुंची। मंडल के जिला मुख्य प्रभारी अमन भाटी ने बताया कि बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में हर गांव, हर घर सुंदरकांड अभियान की शुरुआत की गई है। देश को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया।
अभियान के तहत बूढ़ा शिव मंदिर परिसर से सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं को अभियान से जोड़ा गया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल से जोड़ा गया। श्रद्धालुओं ने मौके पर सदस्यता फार्म भरकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के समापन पर श्री बूढ़ा शिव मंदिर समिति की ओर से बागेश्वर धाम से आए कार्यकर्ताओं का पटका पहनाकर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड की पुस्तकें भी भेंट की गईं।
इस अवसर पर बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल केंद्रीय समिति के पदाधिकारी बृजमोहन बिश्नोई, विकास बिश्नोई, बसंत सैनी, अभिषेक भाटी, मास्टर बिरजू पालीवाल, अनिल कुमार, कंवरपाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।