संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। क्षेत्र के गांव खड़खड़ी निवासी दो बच्चों की मां पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। महिला के पति ने गंगा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा के एक कर्मचारी पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खड़खड़ी निवासी अमित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी 28 वर्षीय पत्नी काजल गंगा एक्सप्रेसवे स्थित खड़खड़ी टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के लिए भोजन बनाने का कार्य करती थी। आरोप है कि 15 जून से उसकी पत्नी लापता है। इसी दिन से टोल प्लाजा का एक कर्मचारी भी गायब बताया जा रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि उक्त कर्मचारी उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी कर्मचारी के कमरे से कथित रूप से ताबीज और अन्य सामग्री मिली है। सीओ किठौर रामप्रकाश का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।