भाकियू ने तीन घंटे तक टोल फ्री कराया
मोदीपुरम (मेरठ)। गाजीपुर बॉर्डर पर धरना स्थल की बिजली काटने के विरोध में रविवार रात साढ़े सात बजे भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने टोल फ्री करा दिया। साढ़े नौ बजे तक वाहन ऐसे ही गुजरते रहे। अधिकारियों के समझाने के बाद भी कार्यकर्ता नहीं माने।
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में पिछले करीब चार माह से किसान आंदोलन चल रहा है। रविवार को गाजीपुर में धरने पर बैठे किसानों ने बिजली काटने की सूचना दी। इससे कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। मिंटू दौराला के नेतृत्व में कुछ किसान शाम को करीब साढ़े सात बजे टोल प्लाजा पर पहुंचे। वहां पर किसानों ने टोल फ्री करा दिया। किसानों का आरोप है कि सरकार मनमानी कर रही है। जब तक बिजली नहीं जोड़ी जाएगी, तब तक किसान टोल फ्री करेंगे।
इस बीच, टोल मार्कोलेन मैनेजर अनुज सोम ने कार्यकर्ताओं से बात की, लेकिन वह नहीं माने। रात में करीब सवा आठ बजे राकेश टिकैत के बेटे चरण सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ टोल प्लाजा पर पहुंच गए थे। वहीं सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं से कोई बात नहीं की।