मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) द्वारा संचालित बिजली बिल राहत योजना के दूसरे चरण का अंतिम दिन शनिवार, 31 जनवरी 2026 है। इस योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को बकाया बिल भुगतान में राहत प्रदान करना है। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता स्वयं इस योजना की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं।
प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के घरेलू (2 किलोवाट तक) और वाणिज्यिक (1 किलोवाट तक) श्रेणियों के पात्र उपभोक्ताओं को बकाया बिल के सरचार्ज (विलंब शुल्क) में 100 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, मूल बकाया राशि पर 20 प्रतिशत तक की सीधी राहत भी प्रदान की जा रही है, जिससे उपभोक्ता शेष राशि का भुगतान किस्तों में कर सकते हैं। योजना का लाभ उठाने के लिए 31 जनवरी 2026 तक भुगतान करना अनिवार्य है। अंतिम दिन, कैश काउंटर अंतिम उपभोक्ता के उपस्थित रहने तक खुले रहेंगे।
एक फरवरी 2026 से योजना का तृतीय चरण प्रारंभ होगा। इस नए चरण में, मूल बकाया राशि पर मिलने वाली अतिरिक्त छूट 20 प्रतिशत से घटकर 15 प्रतिशत हो जाएगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे दूसरे चरण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए यथाशीघ्र भुगतान कर दें। इस योजना के अंतर्गत मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, नोएडा, मुरादाबाद और गजरौला जनपदों में लाखों उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी एसडीओ कार्यालय, विभागीय कलेक्शन सेंटर, जन सुविधा केंद्र, फिनटेक प्रतिनिधि, विद्युत सखी, मीटर रीडर, बिलिंग एजेंसी या वेबसाइट www.uppcl.org के माध्यम से अपना बकाया बिल जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विद्युत हेल्पलाइन नंबर 1912 या टोल फ्री नंबर 18001803002 पर संपर्क किया जा सकता है।