आज भोजन और पानी लेकर गाजीपुर बॉर्डर जाएंगे किसान
सरूरपुर। गांव जैनपुर में रविवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने पंचायत का आयोजन किया। जिसमें निर्णय लिया गया कि गांव से गाजीपुर बॉर्डर पर भोजन और पानी भिजवाया जाएगा। सोमवार को सैकड़ों की संख्या में किसान गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना होंगे।
गांव जैनपुर में पूर्व प्रधान सलीम के आवास पर बैठक में सरधना तहसील अध्यक्ष अशफाक प्रधान ने कहा कि जब तक सरकार नए कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक किसान धरने पर डटे रहेंगे। कानून वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं। उन्होंने बताया कि जैनुपर समेत क्षेत्र के गांवों से गाजीपुर बॉर्डर पर भोजन व पानी भिजवाया जाएगा। सोमवार को सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टरों से गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना होंगे।
करनावल में किसानों का धरना जारी
करनावल में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। किसानों ने धरनास्थल पर गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन में कूच करने और जरूरी सामान लेकर व्यवस्था करने की रणनीति बनाई। यहां से किसान बड़ौत रैली में भी शामिल हुए। इस दौरान पूर्व प्रधान अब्बास अली, इब्ने सऊद, मोहम्मद अरबी, चौधरी मंजूर खा, रहीस अहमद, मुजम्मिल आदि मौजूद रहे।
किसान गाजीपुर बॉर्डर हुए रवाना
रोहटा। क्षेत्र के रोहटा, आलमगीरपुर, चिंदौड़ी, उकसिया, अट्टा आदि गांवों से दर्जनों की संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए। जिन्हें बुजुर्गों, महिलाओं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। किसानों की निगरानी के लिए थाने के गेट पर पुलिस बल तैनात रहा, जो गुजर रहे किसानों की वीडियोग्राफी करते रहे।
कई गांवों के किसान धरने में शामिल
सरधना। क्षेत्र से काफी संख्या में किसान गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन में शामिल हैं। जो दिन-रात वहीं पर डटे हुए हैं। छुर, बहादरपुर, दबथुवा आदि गांवों से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गाजीपुर बार्डर पर पहुंचे। बहादरपुर से विनेश, कृष्णपाल, विनेश, सिकंदर व दबथुवा से जगबीर, रामबोस आदि धरने पर डटे हुए हैं।
सीमा पर तैनात रही पुलिस व पीएसी
जानीखुर्द। बड़ौत में किसान महापंचायत को लेकर रविवार को पुलिस ने पूरी चौकसी बरती। मेरठ-बागपत सीमा पर दिनभर पुलिस और पीएसी की गश्त रही। जानी थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह के अनुसार, किसानों की पंचायत की आड़ में कोई असामाजिक तत्व गड़बड़ी न कर दे, इसलिए सीमा पर पुलिस लगाई गई थी।