यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम को होगा फाइनल
मेरठ के कई क्रिकेटर दोनों टीम में करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन में आज मेरठ मेवरिक्स और लखनऊ फाल्कंस की टीम के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। यह महामुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दोनों टीम में मेरठ के कई क्रिकेटर हिस्सा लेंगे। इसमें लखनऊ के भुवनेश्वर कुमार और मेरठ मेवरिक्स में मेरठ के रितुराज शर्मा पर सबकी नजर होगी।
प्रतियोगिता में मेरठ मेवरिक्स और लखनऊ फाल्कंस की टीम का शानदार प्रदर्शन रहा। लखनऊ की कमान मेरठ के भुवनेश्वर कुमार के हाथ में है। उन्होंने क्वालिफायर-1 मैच में ही लखनऊ की ओर से 4 ओवर में 10 रन देकर 4 विकेट लिए और टीम को फाइनल में पहुंचाया। मेरठ मेवरिक्स की ने नोएडा किंग्स को 6 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। आज दोनों टीम के बीच फाइनल मुकाबला होगा और जो भी जीतेगा वह पहली बार इस ट्रॉफी को उठाएगा।
मेरठ के खिलाड़ियों पर रहेगी सबकी नजर
लखनऊ की ओर से मेरठ के भुवनेश्वर कुमार, प्रियम गर्ग और यशु प्रधान खेल रहे हैं। मेरठ मेवरिक्स की ओर से रितुराज शर्मा, विजय कुमार, दिव्यांश राजपूत का अभी तक शानदार प्रदर्शन रहा है। हापुड़ के कार्तिक त्यागी ने अपनी गेंदबाजी से सभी को आकर्षित किया। आज फाइनल मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार लखनऊ के कप्तान हैं जबकि मेरठ की कप्तानी रिंकु सिंह संभालेंगे।