एसएसपी के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से शहर में 14 और देहात में चार स्थानों को संवेदनशील मानते हुए वहां अर्धसैनिक बलों के जवान और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें आईटीबीपी, आरएएफ, आरपीएसएफ और पंजाब पुलिस के अलावा पीएसी की आठ कंपनियां तैनात हैं। करीब 2200 पुलिसकर्मी और जवान तैनात किए गए हैं। आंबेडकर चौक पर एसपी क्राइम, मवाना रोड और मेडिकल में एसपी देहात, कंकरखेड़ा में एसपी सिटी तैनात रहेंगे।
धरना प्रदर्शन, रैली व जुलूस पर रोक
एसपी देहात ने बताया कि आचार संहिता लगी है, जिले में अनुच्छेद 144 लागू है। ऐसे में रैली, जुलूस, और धरना प्रदर्शन पर रोक रहेगी। यदि किसी भी संगठन ने ज्ञापन देने, कार्यक्रम करने या कोई माहौल बिगाड़ने जैसी कोशिश की तो सीधे मुकदमा दर्ज होगा। साथ ही एक साल पहले बवाल के मामले में भी आरोपी बनाया जाएगा। मवाना और भावनपुर में शाम को अर्धसैनिक बलों के साथ एसपी देहात ने फ्लैग मार्च निकाला। वहीं, एसपी सिटी ने बताया कि दस सीओ, 25 इंस्पेक्टरों व थानेदारों के साथ एक-एक प्लाटून अर्ध सैनिक बल और स्थानीय पुलिस फोर्स लगाई है। सभी सीओ के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे।
18 स्थानों पर रहेगा पहरा
चौधरी चरण सिंह विवि, मेडिकल कॉलेज, शोभापुर, मलियाना, टीपीनगर, उल्देपुर, ब्रह्मपुरी, पोदीवाड़ा, परतापुर तिराहा, घाट तिराहा, अब्दुल्लापुर, मवाना, रिठानी, कंचनपुर घोपला, कंकरखेड़ा, शोभापुर, मवाना, कचहरी व कलक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
रेलवे ट्रैक पर एक कंपनी फोर्स
जीआरपी और आरपीएएफ को भी निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी ट्रेन रोकने संबंधी सूचना मिले तो पुलिस को जानकारी दें। एक कंपनी फोर्स परतापुर घाट में रेलवे ट्रैक और मलियाना में लगाई गई है।