लोगों से जुडे़ं नेता
नेता वही जिसे अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी हो। जो लोगों से जुड़े। समय- समय पर क्षेत्र का निरीक्षण करे। जो प्रत्याशी आम जनता के बारे में सोचेगा, मैं उसी को वोट दूंगा। - युवराज सिंह
भ्रष्टाचार पर लगाए अंकुश
स्कूल में एडमिशन, नौकरी, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना, बिजली बिल जमा कराना, नक्शा पास कराना कोई भी काम हो बिना पैसे के नहीं हो रहा। सभी विभाग भ्रष्टाचार और घूसखोरी में लिप्त हैं, इस पर लगाम कसे। - रिद्म अरोड़ा
रोजगार के अवसर बढ़ें
शिक्षा के स्तर में सुधार हो। क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ें। नेता वही जो युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए कार्य करे। पूरे समाज को एक समान समझना भी जरूरी है। विकास कार्य करने से ही बात बनेगी। - इकरा हसीन
नालों की हो सफाई
प्रदूषण, गंदगी शहर की बड़ी समस्या है। जरा सी बारिश में नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं। नालों की सफाई की जाए। नालों को ढक दिया जाए। गंदगी के कारण बीमारी फैलती है। - दिलीप
पात्रों को दिलवाएं लाभ
सरकार योजना लागू करती है, जो कागजों में ही रह जाती है। जनप्रतिनिधि को चाहिए कि वह इन योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं। जिससे पात्रों को उनका लाभ मिल सकें। - रितिका गुप्ता
रिश्वतखोरी के खिलाफ चले अभियान
जनप्रतिनिधि ऐसा हो जो भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्य करें। इस पर व्यापक स्तर पर अभियान चलाए। शहर में शिक्षा का स्तर भी बढ़ाया जाए। खिलाड़ियों के लिए भी काम किए जाएं। - अक्षय श्रीवास्तव
शहर हो जाम मुक्त
जाम आज शहर की सबसे बड़ी समस्या है। वोट उसको दूंगा जो शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए कार्य करेगा। शहर में हर जगह अतिक्रमण फैला है। इसे हटवाना जरूरी है।
- जतिन गोस्वामी
मेरठ बने स्मार्ट सिटी
नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। हर ओर शहर में कूड़े के ढेर लगे हैं। मेरा जनप्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए जो मेरठ को स्मार्ट बनाने के क्षेत्र में कार्य करें। शहर का विकास होगा, तभी यहां पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
- आयुष
खिलाड़ियों को मिले बेहतर सुविधा
शहर में स्टेडियम तो है लेकिन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए कोच नहीं है। मेरा वोट उसे जो स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कर सकें।
- मानव
सड़कों की हालत सुधरे
शहर की कमोबेश सभी सड़कें खस्ताहाल हैं, जिसकी वजह से हर रोज कोई न कोई दुर्घटना हो रही है। मेरा वोट उसी को जो सड़कों की हालत सुधरवाए।
- राधिका
औद्योगीकरण बढ़ाने के लिए हो कार्य
मेरा सांसद वह होगा जो क्षेत्र में विकास करवाएगा। क्षेत्र में औद्योगीकरण को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराएगा। शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए काम करेगा।
- हिमांशु
शिक्षण क्षेत्र में हो पारदर्शिता
शिक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार इस समय चरम सीमा पर है। सांसद ऐसा हो जो सभी स्कूल-कॉलेजों के लिए समान नियम लेकर आए, जिससे शिक्षण क्षेत्र में पारदर्शिता बनी रहे।
- सागर
इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
मेरठ में सराफा का बड़ा कारोबार है, बावजूद इसके ज्वैलर्स के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।
आरटीओ में भ्रष्टाचार पर पूरी तरह प्रतिबंध लगे।
मिलावट करने वालों पर अंकुश लगे।
जिला अस्पतालों में मरीजों के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों।
शहर की अपराध मुक्त छवि बनाने की दिशा में काम होने चाहिए।
सदर में सीवर लाइन डालने के लिए पूरी सड़क खोद दी है, लेकिन नई सड़क नहीं बनी।
रोहटा रोड के हालात बहुत खराब है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/