शामली/कैराना। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। उधर, कैराना में भैयादूज पर जा रहे बाइक युवकों की मौत से उनके परिजनों में गम का माहौल बना है।
गढ़ीपुख्ता थानाक्षेत्र के गांव ताना निवासी हरिओम (19) अपनी बहन छोटी और भांजे के साथ बृहस्पतिवार शाम शामली गांव जा रहे थे। रास्ते में आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में बधेव बाईपास पर पीछे से आई स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए। उन्हें पहले शामली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया।
हादसे के बाद आरोपी चालक स्कार्पियो समेत फरार हो गया। शुक्रवार को मेरठ में उपचार के दौरान हरिओम की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में गम का माहौल बना है। मृतक के पिता सुरेश की तरफ से हादसे की रिपोर्ट आदर्श मंडी थाने पर दर्ज कराई गई।
उधर कस्बा बनत निवासी गौरव शुक्रवार शाम को बाइक से जा रहा था। जब वह बनत गोशाला से कस्बे की तरफ जा रहा था तो बाइक असंतुलित होकर खंभे से टकरा गई। टक्कर लगने से गौरव की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
उधर, शुक्रवार को मुजफ्फरनगर के मीरापुर निवासी मोहित (30) बाइक से भैयादूज लेकर हरियाणा के पानीपत में अपनी बहन के घर जा रहा था। दोपहर लगभग पौने तीन बजे जब वह कैराना कोतवाली क्षेत्र के भूरा बाईपास फ्लाईओवर के निकट पहुंचा, तभी अनियंत्रित कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में मोहित गंभीर घायल हो गया। युवक को सीएचसी पर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के संबंध में पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।ि