खरखौदा। सर्विलांस टीम से सूचना पाकर रविवार तड़के खरखौदा पुलिस ने घेराबंदी कर रेक्टीफाइड के साथ तीन शराब तस्कर दबोच लिये। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने तस्करों से तीन हजार लीटर रेक्टीफाइड बरामद किया। वहीं, दो तस्करों को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में भर्ती कराया है।
सर्विलांस टीम से जानकारी मिली कि कुछ लोग बोलेरो पिकअप गाड़ी में हजारों लीटर रेक्टीफाइड लेकर जा रहे हैं। इस पर खरखौदा पुलिस ने ग्राम नरहाड़ा सलेमपुर स्थित मुखिया चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मेरठ की ओर से महेंद्रा पिकअप आती दिखाई दी। खरखौदा पुलिस ने गाड़ी रोककर घेराबंदी करने का प्रयास किया। इस पर शराब तस्कर गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया परंतु उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लग गई। वहीं, पुलिस ने घायल समेत तीन शराब तस्करों को दबोच लिया। घायल ने अपना नाम सोनू पुत्र कृष्ण प्रताप निवासी मोहल्ला पुराना बाजार सिवान बिहार हाल पता उत्तम नगर टीपीनगर मेरठ बताया। वहीं, दूसरे ने वरदान पुत्र संजय प्रजापति जमुना विहार खतौली तथा तीसरे ने संजीव उर्फ बंटी पुत्र रामकुमार निवासी सलेमपुर कोतवाली मुजफ्फरनगर बताया। पुलिस ने महेंद्रा पिकअप गाड़ी से तीन हजार लीटर रेक्टीफाइड, एक बाइक, दो तमंचे व एक चाकू, कुछ खाली बोतल व रैपर समेत सामान बरामद किया। तस्करों ने बताया कि वे रेक्टीफाइड से नकली शराब बनाते हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल तस्कर सोनू को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं, जेल भेजने से पहले वरदान एवं संजीव जांच में कोरोना संक्रमित मिले। इस पर पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में भर्ती करा दिया।
पुलिस टीम में हडकंप
पुलिस ने तस्कर संजीव व वरदान की जेल भेजने से पहले जांच कराई तो वे संक्रमित मिले। इसके बाद से खरखौदा पुलिस टीम में हड़कंप है। पुलिस टीम के कई सदस्यों ने कार्रवाई के दौरान मास्क नहीं लगाया हुआ था। अब पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच कराई जाएगी तथा उन्हें क्वारंटीन भी किया जाएगा।
वर्जन
सर्विलांस टीम की सूचना पर खरखौदा पुलिस ने कार्रवाई करके शराब तस्करों को दबोचा है। इससे अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाए जाने में मदद मिलेगी। -देवेश सिंह, सीओ किठौर