मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में स्नातक में रजिस्ट्रेशन का मंगलवार को अंतिम दिन है। 15 सितंबर के बाद एडमिशन पोर्टल बंद हो जाएगा। अभी आधे छात्र-छात्राओं ने ही पंजीकरण कराया है। सबसे ज्यादा बीए-बीएससी-बीकॉम में 80 फीसदी रजिस्ट्रेशन हुए हैं, बाकी 38 कोर्सों में 20 फीसदी छात्रों ने ही आवेदन किया है। 16 कोर्स तो ऐसे हैं, जिनमें 100 से भी कम रजिस्ट्रेशन हैं। ऐसे में सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों का इस बार बुरा हाल रहेगा। बीए-बीएससी-बीकॉम में सरकारी कॉलेजों में मेरिट पिछले वर्षों के मुकाबले ऊपर जाएगी।
कैंपस और कॉलेजों में प्रथम वर्ष में गर्वमेंट और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में एक लाख 60 हजार के करीब सीटें हैं। इस बार 12वीं में सीसीएसयू के परिक्षेत्र में दो लाख 30 हजार छात्र-छात्राएं पास हुए। रविवार शाम तक 118868 छात्र-छात्राओं ने फीस जमा करके रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया। इस बार 50 हजार से भी अधिक सीटें खाली रहने का अनुमान है। जिन छात्रों ने रजिस्ट्रेशन किए हैं, उनमें से भी काफी संख्या में छात्र दूसरी जगह एडमिशन ले लेते हैं। 15 सितंबर को पोर्टल बंद होने के बाद विवि 20 सितंबर के बाद पहली मेरिट निकालकर प्रवेश शुरू कराएगा।
बीए सब पर भारी, कई कोर्सों में एक-एक रजिस्ट्रेशन
सबसे ज्यादा रजिस्टे्शन बीए में किए गए हैं। अब तक 153562 छात्रों ने विकल्प भरा है। बीएससी में 45646 छात्रों ने विकल्प भरा है। बीकॉम में 46345 छात्र-छात्राओं ने विकल्प भरा है। चौथे नंबर पर बीएससी एग्रीकल्चर विषय में 12495 छात्रों ने आवेदन किया है। इसके बाद जो भी कोर्स हैं, उनका बुरा हाल है। बीए-एलएलबी कोर्स में 4986 हुए हैं। बीबीए में 5113, बीसीए में 5758, बीएससी नर्सिंग में 2871 पंजीकरण हुए हैं। 16 कोर्सों में 100 से भी कम रजिस्ट्रेशन हुए हैं। बीएससी ज्वेलरी डिजाइन और बीवॉक आईटी कोर्स में तो सिर्फ एक-एक ही रजिस्ट्रेशन हुआ है। हाल ये है कि कुल एक लाख 18 हजार रजिस्ट्रेशन में से सिर्फ 31 हजार 38 कोर्सों के लिए किए गए हैं। बाकी सब में बीए-बीएससी-बीकॉम के आवेदन हैं।