मेरठ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में नए मतदाता के नाम शामिल करने के लिए 19 अगस्त से अभियान शुरू होगा। 29 सितंबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा और एक जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम लिस्ट में शामिल किए जाएंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2026 में होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायतों की वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 19 अगस्त से 29 सितंबर तक वोटर लिस्ट को अपडेट करने का अभियान चलेगा। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का परीक्षण किया जाएगा। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के वोट बनाए जाएंगे। 19 अगस्त से 22 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। 23 से 29 सितंबर तक बीएलओ द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने वालों की घर-घर जाकर जांच की जाएगी। वोटर लिस्ट में संशोधन व नाम हटाने की तैयार हस्तलिखित पांडुलिपि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में 30 सितंबर से छह अक्टूबर तक जमा कराई जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानि संदीप चौधरी के अनुसार, ड्राफ्ट नामावलियों की कंप्यूटरीकरण पांडुलिपि सात अक्टूबर से 24 नवंबर तक तैयार की जाएगी। मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदाता क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग 24 नवंबर से चार दिसंबर तक होगी। अनंतिम मतदाता सूची के आलेख का प्रकाशन पांच दिसंबर को होगा। अनंतिम मतदाता सूची का निरीक्षण छह दिसंबर से 12 दिसंबर तक होगा। इसी अवधि में नए दावे व अनापत्ति प्राप्त की जाएगी। 13 से 19 दिसंबर तक प्राप्त दावों व आपत्तियों का निस्तारण होगा। 15 जनवरी को वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
मेरठ में इन पदों पर होंगे चुनाव
मेरठ जिले में 6373 ग्राम पंचायत सदस्य, 824 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 479 ग्राम प्रधान, 33 जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए चुनाव होंगे। क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा 12 ब्लॉक प्रमुख और 33 जिला पंचायत सदस्यों द्वारा एक जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होगा।