तीन खनन माफिया के खिलाफ रिपोर्ट, पुलिस खाली हाथ
मवाना। नहर पटरी के पास खेत में अवैध खनन रुकवाने गई राजस्व टीम को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने तीन खनन माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस 24 घंटे बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार करने में नाकाम रही।
सोमवार को मखदूमपुर रोड पर नहर पटरी के किनारे एक खेत में माफिया खनन करा रहे थे। एसडीएम कमलेश गोयल के आदेश पर तहसील की राजस्व टीम मौके पर पहुंची तो खनन माफिया ने साथियों के साथ मिलकर टीम को बंधक बना लिया था। आरोपी टीम को धमकी देते हुए फरार हो गए थे। इस मामले में दी गई तहरीर में तौहीद, शाहरुख, अजमल तथा 7 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई थी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं पुलिस 24 घंटे बाद भी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अवैध खनन में छुड़ाकर ले जाई गई जेसीबी मशीन का भी पता नहीं लगा सकी। थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।