इस दौरान कस्बे के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और शिक्षण संस्था के अंदर पुलिसकर्मियों और कॉलेज के चपरासी पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि पुलिसकर्मियों के साथ एक महिला भी है। इस कृत्य से माहौल खराब हो रहा है। लोग कॉलेज में अंदर घुस गए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों के बीच धक्कामुक्की हो गई।
इसी दौरान सीढ़ियों से गिरने से होमगार्ड पंकज चौधरी के पैर में फ्रेक्चर हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप सिंह, थाना प्रभारी संदीप बालियान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करते हुए लोगों को शांत कराया। लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप था कि कॉलेज के अंदर यदि पुलिसवाले ही ऐसा काम करेंगे तो यहां का माहौल खराब होगा।
करीब दो घंटे तक चले विरोध के बाद सीओ और एसओ ने बामुश्किल स्थिति को काबू किया। मामला प्रकाश में आने के बाद एसपी अजय कुमार ने सीओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा। सीओ की रिपोर्ट के बाद एसपी ने ड्यूटी प्वाइंट से नदारद रहने, निर्धारित जगह से दूसरी जगह ड्यूटी करने और पुलिस की छवि धूमिल करने के आरोप में लापरवाही पर हेड कांस्टेबल कर्मवीर सिंह, सिपाही सोनू व नितिन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
लापरवाही का जिम्मेदार कौन
एक 100 डायल की रात की जिम्मेदारी कादरगढ़ व दूसरे भनेड़ा क्षेत्र की थी। लेकिन, दोनों ही गाड़ियां ड्यूटी पर न रहते हुए कस्बे के लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज पर मौजूद थे। यदि ऐसे में कोई घटना हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। फिलहाल पुलिस के पास इस सवाल का जवाब नहीं।
रात जो भी घटना कॉलेज के अंदर हुई है, इस संबंध में कॉलेज का प्रबंधक मंडल संबंधित चपरासी व अन्य लोगों से पूछताछ कर रहा है। मामले की जांच के बाद प्रबंधक स्तर से ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। -चंद्रेश्वर प्रसाद, प्रधानाचार्य, लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज
मामला गंभीर है। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इनसे पुलिस की छवि खराब होती है। किसी को भी ये सब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। -अजय कुमार ,एसपी शामली