दौराला, बहसूमा और रोहटा में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत
दौराला/बहसूमा। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-58 पर दौराला कस्बे के पास बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं, बहसूमा में बटावली मार्ग पर बाइक सवार ट्रैक्टर मिस्त्री को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। तीसरे हादसे में सरधना-बिनोली रोड पर बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दौराला थाना क्षेत्र के समौली सलेमपुर गांव निवासी सरफराज (25) पुत्र शब्बीर मोदीपुरम स्थित एक फास्ट फूड की दुकान पर काम करता था। बृहस्पतिवार देर रात वह बाइक पर दुकान से गांव लौट रहा था। दौराला कस्बे के सामने पीछेे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सरफराज की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। जिस पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बडे़ भाई साजिद ने बताया कि सरफराज मोदीपुरम में फास्ट फूड की दुकान पर काम करता था। थाना प्रभारी किरणपाल सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
उधर, बृहस्पतिवार रात कस्बा निवासी ट्रैक्टर मिस्त्री मदन धीमान (72) बाइक पर सवार हो बटावली रोड स्थित अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से मेरठ रेफर कर दिया। देर रात उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। संवाद
रोहटा थाना क्षेत्र में बागपत के थाना बिनौली के गांव खपराना निवासी सोनू पुत्र लीलू और रोहटा निवासी संजीव शुक्रवार शाम बाइक पर बिनौली से सरधना जा रहे थे। हर्रा पशु पैठ स्थल के नजदीक अचानक सामने से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सोनू की मौके पर मौत हो गई, जबकि संजीव घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा तथा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं दूसरी ओर, मेरठ-बड़ौत रोड पर सड़क हादसे में एक समाचार पत्र के संवाददाता वीरपाल चौधरी निवासी हसनपुर रजापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में मेरठ में भर्ती कराया गया है।
साइड लगने से बाइक सवार मां-बेटा घायल
मवाना। बाईपास मार्ग पर बाइक सवार मां-बेटा ट्रैक्टर-ट्रॉली की साइड लगने के कारण घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिजनौर निवासी रियासत पुत्र लियाकत अपनी मां के साथ बाइक पर मेरठ दवा लेने जा रहे थे। बाईपास मार्ग पर गांव कौल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक बाइक में साइड मारकर फरार हो गया। हादसे में मां-बेटा घायल हो गए।