बिजनौर। जिले में बुधवार को कई हादसे हुए। नहटौर, कोतवाली देहात और मंडावली क्षेत्र में अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दस लोग घायल हुए हैं।
अनियंत्रित कार से टकराकर बाइक सवार की मौत : नहटौर में टायर फटने से अनियंत्रित हुई कार की चपेट में आने से स्योहारा क्षेत्र के गांव रामखेड़ा निवासी हिपेंद्र कुमार (30) की मौत हो गई। उसका साथी पुष्पेंद्र त्यागी (31) गंभीर रूप से घायल हो गया।
मंगलवार को स्योहारा क्षेत्र के गांव रामखेड़ा निवासी हिपेंद्र गांव के ही पुष्पेंद्र त्यागी के साथ बाइक से कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव लक्खूवाला में आया था। देर शाम लौटते वक्त नूरपुर रोड पर बालापुर के पास सामने से आ रही कार का टायर फट गया। अनियंत्रित हुई कार से टकराकर बाइक सवार हिपेंद्र व पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से दोनों को जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। उपचार के दौरान हिपेंद्र की मौत हो गई। मृतक की पत्नी प्रियंका ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, साथी घायल : कोतवाली देहात मेें भी मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे ग्राम मसूरी निवासी अर्जुन सिंह (30) तथा आकाश शर्मा बरुकी से बाइक से घर लौट रहे थे। ग्राम महेश्वरी जट से आगे ओम फार्म हाऊस से मसूरी जाने वाली सड़क की ओर मुड़े तो सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। नीचे गिरने पर अर्जुन का सिर सड़क पर टकरा गया। साथ ही आकाश भी गंभीर घायल हो गया।
दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया जबकि आकाश को हायर सेंटर रैफर किया गया है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अर्जुन पेशे से किसान था।वह अपने पीछे दो पुत्री तथा एक पुत्र को रोता बिलखता छोड़ गया है।