यूपी के सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में दो अलग- अलग जगह हादसे हो गए। इन दोनों हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना- 1
सहारनपुर में गागलहेडी से सामान लेकर वापस गांव जा रहे बाइक सवार दो लोगों को दया शुगर मिल के निकट सामने से आ रही प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक बस को छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेते हुए शवों का पंचनामा भर कर उन्हें पीएम के लिए भेजा।
गांव सुनहैटी शेख निवासी 40 वर्षीय प्रमोद पुत्र विक्रम सिंह और गांव का ही 18 वर्षीय मेहताब पुत्र कुर्बान किसी कार्य से गागलहेड़ी कस्बे में आये थे। बुधवार की दोपहर एक बजे कार्य समाप्त करके वापस बाइक से गांव लौट रहे थे कि दया शुगर मिल के गेट के सामने सड़क पार करते वक्त मुजफ्फरनगर की तरफ से तेज रफ्तार आ रही प्राइवेट बस ने इन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मेहताब की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रमोद ने जिला चिकित्सालय में पहुंच कर दम तोड़ दिया। मृतक मेहताब पीजी पायस इंटर कालेज गागलहेड़ी में कक्षा 11 का छात्र था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। दुर्घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भर कर उन्हें पीएम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
सड़क पर खड़े ट्रकों की वजह से बस को नहीं देख सके
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार दया शुगर मिल के सामने खड़े शीरे और अन्य सामान से भरे ट्रकों की वजह से सड़क पर सामने की तरफ से आ रही बस को नहीं देख सके। इस कारण वे अचानक बस से टकरा गए।
यह भी पढ़ें: दरोगा की सड़क हादसे में मौत, पत्नी का ऑपरेशन कराने के लिए छुट्टी लेकर आ रहे थे घर