पुलिस ने चारों लुटेरों को जेल भेजा, तमंचे व कारतूस बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। ब्रह्मपुरी व सदर बाजार थाना पुलिस की शुक्रवार सुबह मोबाइल लूट करने वाले गिरोह के चार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों मुठभेड़ में तीन लुटेरे पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पूछताछ में बताया कि वह मोबाइल लूट करने के बाद गाजियाबाद व दिल्ली में सस्ते दामों में बेच देते है। वहीं कुछ मोबाइल के पार्ट्स को मेरठ में दुकानदारों को बेच देते है। पुलिस लूट के मोबाइल व उनके पार्ट्स को खरीदने वाले दुकानदारों की तलाश में जुट गई है।
सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता के अनुसार, सदर बाजार पुलिस कैंट स्टेशन के पास मुठभेड में एक लुटेरा तारापुरी निवासी शादाब उर्फ बाबू पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी शालीमार गार्डन निवासी सुहैल को कॉम्बिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया। लुटेरों के पास से पुलिस को तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई। आरोपियों के पास मिले कट्टे मोबाइल के पार्ट्स मिले। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
उधर, सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश ने बताया कि ब्रह्मपुरी पुलिस नूरनगर कट के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान लिसाड़ी गेट निवासी अमन उर्फ घोड़ी ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। दूसरा आरोपी श्यामनगर निवासी अब्दुल समद उर्फ सोनू बाइक लेकर भागने लगा। भागने के दौरान बाइक फिसलने से दोनों गिर गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों आरोपियों पर लूट की कई प्राथमिकी दर्ज है। सीओ ने बताया कि दोनों आरोपियों प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।