सरधना। तहसील रोड पर सोमवार की दोपहर कुमार पैलेस के पास एचटी विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से तीन बकरियां मर गई। स्थानीय लोगों ने भागकर जान बचाई। घटना के विरोध में लोगों ने मौके पर हंगामा कर दिया। उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी की और मुआवजा दिलाने की मांग की।
नगर के तहसील रोड पर काफी समय से एचटी विद्युत लाइन जर्जर हालत में है। कई बार शिकायत के बाद भी ऊर्जा निगम ने कोई संज्ञान नहीं लिया। वहीं, तहसील रोड पर स्थित कुमार पैलेस के पास मदन सैनी पुत्र फुलवा के मकान के ऊपर से एचटी लाइन गुजर रही है। सोमवार दोपहर लाइन का एक जर्जर तार टूटकर सड़क पर गिर गया। यहां तीन बकरियां बंधी हुई थी, जिनकी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और उन्होंने भाग कर जान बचाई। घटना के विरोध में मोहल्ले के लोगों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ हंगामा किया। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान हादसे में मरी बकरियों का मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
ऊर्जा निगम के अवर अभियंता इंद्रजीत सिंह का कहना है कि करंट से मरी बकरियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की हरसंभव मदद विभाग की ओर से कराई जाएगी। जर्जर लाइन का भी जल्द समाधान किया जाएगा।