तीन दोस्तों ने नशे में ली युवक की जान
जानीखुर्द। गांव टीकरी में घूम वाले मंदिर के पास मंगलवार रात शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही एक दोस्त की ईंटों से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक का शव बुधवार दोपहर मिलने पर घटना का पता चला। तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
गांव टीकरी निवासी राहुल शर्मा (34) पुत्र ब्रजमोहन शर्मा मंगलवार शाम जानी जाने की कहकर घर से निकला था। रात तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई। रात भर तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। बुधवार दोपहर तलाश के दौरान राहुल का शव गांव टीकरी के रास्ते पर घूम मंदिर के पास पड़ा मिला। उसके शरीर पर एक दर्जन से ज्यादा गंभीर घाव थे। पास ही खून से सनी ईंट पड़ी थी। जिससे मालूम पड़ रहा था कि हत्यारे ने ईंट से वार कर उसकी हत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने गांव के ही तीन युवकों टैफी पुत्र नरेश, मनीष पुत्र मिंटू और पिंटू पुत्र किरणपाल सिंह के खिलाफ दर्ज करवाई है। पुलिस ने टैफी और पिंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि मृतक और तीनों नामजद आरोपी कई दिनों से साथ बैठकर शराब पी रहे थे। मंगलवार शाम भी घूम मंदिर के पास गंगनहर किनारे बैठकर चारों युवकों ने शराब पी थी। शराब के नशे में किसी बात पर राहुल की तीनों युवकों से कहासुनी हो गई।
जिसके चलते तीनों ने मिलकर उसकी ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी।