सरूरपुर। कंकरखेड़ा क्षेत्र में पांच दिन पहले फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई लूट के आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से नगदी, बाइक और हथियार बरामद किए। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सरूरपुर अरविंद कुमार ने बताया कि पांच दिन पहले कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में अपाचे बाइक सवार कुछ बदमाशों ने भारत फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी से एक लाख सात हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने शिनाख्त के आधार पर कुछ बदमाश ट्रेस किए गए थे। मंगलवार दोपहर दो बजे सरूरपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक अपाचे बाइक पर चार बदमाश सवार होकर लूट की वारदात करने नानू की ओर से भूनी जा रहे हैं। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार भूनी चौराहे पर चेकिंग करने लगे। इस दौरान बाइक पर चारों बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया और जंगल की तरफ भाग निकले। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो सरूरपुर डिग्री कॉलेज से पहले बदमाशों की बाइक फिसल गई। इसके बाद बदमाश खेत में जा छिपे और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। सीओ सरधना जितेंद्र सरगम के नेतृत्व में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें तीन बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक बदमाश मौके का फायदा उठाकर भागने लगा, लेकर पुलिस ने कांबिंग कर उसे भी दबोच लिया। सीओ जितेंद्र सरगम ने बताया कि बदमाश नानू गांव के रहने वाले हैं। बदमाशों के नाम सुहेब, मुजम्मिल पुत्र शकील, सुहेल पुत्र रहीश और ताजिम पुत्र अय्यूब हैं। बदमाशों के कब्जे से कर्मचारी से लूटे गए एक लाख पांच हजार रुपये, हथियार और बाइक बरामद की गई। पुलिस ने घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।