सरधना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में सेवा भारती समिति के संयुक्त सहयोग से तीन दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर 19, 20 और 21 जून को आदर्श नगर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित होगा।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में पुरुष, महिला एवं बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे। शिविर के दौरान योगासन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नियमित योग के महत्व और उसके लाभों पर भी प्रकाश डाला जाएगा। भारतीय योग संस्थान के जिला प्रधान सुनील राघव एवं क्षेत्रीय प्रधान रामकिशोर गर्ग ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में सहभागिता करने की अपील की। शिविर में योग शिक्षिका अनीता शर्मा, योग प्रशिक्षक अजय गुप्ता और प्रधानाचार्य जितेंद्र विश्वकर्मा का सहयोग रहेगा।