संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। मुंडाली थाना पुलिस ने तीन पशु चोरों को गिरफ्तार किया है। जिसोरा-जिसोरी चौराहे पर हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश जितेंद्र के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बदमाशों से अवैध हथियार, बाइक और नकदी बरामद की है।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना ने बताया कि बृहस्पतिवार रात रात मुंडाली पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में जितेन्द्र निवासी जिसोरा के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर तहसीन निवासी डासना मसूरी और मारूफ निवासी जिसोरा को भी पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि बरामद नकदी एक सप्ताह पहले चोरी किए गए भैंसे को 29 हजार रुपये में बेचने से मिली थी। वे अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में थे।
घायल जितेन्द्र पर 12 मुकदमे दर्ज
सीओ ने बताया कि घायल जितेन्द्र एक शातिर अपराधी है। उस पर वर्ष 2012 से 2016 के बीच 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, चोरी, रंगदारी, लूट और अवैध असलहा रखने के मामले शामिल हैं। तहसीन पर गाजियाबाद के मसूरी थाने में बलवा व मारपीट का मुकदमा है।गिरफ्तार सभी आरोपी शातिर हैं। उन्हें जेल भेज दिया गया है।