मोदीपुरम। बढ़ते वाहनों के दबाव के चलते रविवार को पल्लवपुरम फेज-वन के सामने मेरठ नॉर्थ मेट्रो स्टेशन के पास वाहनों की रफ्तार धीमी थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। जिससे पीछे चल रही दो अन्य कारें भी आपस में भिड़ गईं। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
मोदीपुरम फ्लाईओवर से उतरते समय वाहनों की गति सामान्य से अधिक रहती है। लेकिन फेज-वन कट के पास ट्रैफिक धीमा हो जाता है। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक समय पर ब्रेक नहीं लगा सका और कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार आगे खड़ी दूसरी कार से टकराई और फिर तीसरी कार भी इसकी चपेट में आ गई।
हादसे में तीनों कारों के पिछले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। कई कारों के शीशे टूट गए और डिग्गियां दब गईं। सबसे ज्यादा नुकसान बीच वाली और पीछे चल रही कार को हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलने पर पल्लवपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। ट्रैक्टर चालक द्वारा समय पर ब्रेक नहीं लगाए जाने के कारण हादसा हुआ। दो कार चालक मौके से चले गए। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि जाम खुलवा कर यातायात बहाल कराया गया। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।