संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। शुगर मिल रोड स्थित किला बस स्टैंड पर फल बिक्री के रुपयों का तकादा करने गए दो भाइयों पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चाकू, डंडे व सरिये से प्रहार कर पीड़ितों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। घटना के संबंध में पीड़ित वसीम ने थाना मवाना पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, सोमवार रात लगभग 9 बजे वसीम अपने भाई आसिफ के साथ फल विक्रेताओं से अपनी बिक्री के बकाया रुपये लेने गया था। जब वे रशीद व शाहिद की दुकान पर पहुंचे और रुपयों का तकादा किया, तो आरोपियों ने फल काटने वाली छुरी से हमला कर दिया। हमले में वसीम का भाई आसिफ बीच में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद पास की दुकान से इरशाद, मोहसीन आदि हाथों में डंडे और सरिये लेकर आ पहुंचे और दोनों भाइयों की जमकर पिटाई की। बीच-बचाव के लिए पहुंचे वसीम के तीसरे भाई तसलीम को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
पीड़ित ने पुलिस से मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर रशीद, शाहिद, इरशाद, मोहसीन व राजा को हिरासत में लिया। उनका चालान कर दिया।
-