शामली। पिटाई से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत होने के मामले में नामजद तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से युवक से मारपीट करने में प्रयुक्त लोहे की रॉड व दो डंडे बरामद किए हैं।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव लपराना निवासी शकुंतला देवी ने 20 जून को शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र सावन (22) का के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें वह जमानत पर आया हुआ था। इसके अलावा सावन पर गुंडा अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज कराया गया था। गुंडा अधिनियम के मामले में 20 जून को बनत तहसील में तारीख पर गया था।
तारीख से लौटते समय सावन का एसटी तिराहा के निकट से अपहरण कर लिया गया था और पूरी रात घर में बंधक बनाकर पिटाई की थी। आरोपियों ने अगले दिन 21 जून की सुबह घायल सावन को घर के बाहर फेंक दिया था। सावन को पहले शामली अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया था।
मंगलवार को उपचार के दौरान सावन की मौत हो गई थी। शाम को परिजन शव लेकर घर पहुंचे थे। परिजनों ने आरोपियों के घर के बाहर शव रखकर हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
बुधवार को पुलिस ने इस घटना में नामजद आरोपी सतीश, नरेंद्र निवासी लपराना, जग्गू उर्फ जगराम निवासी मोहल्ला नंदू प्रसाद शामली को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य नामजद दो बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सावन की पिटाई करने में इस्तेमाल लोहे की रॉड व दो डंडे बरामद कर आरोपियाें का चालान कर दिया।