मेरठ। परतापुर पुलिस ने लूट और चोरी करने वाले तीन बदमाशों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से कई मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। कुछ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लिफ्ट मांगने के बहाने लूट के अलावा घरों में घुसकर चोरी की वारदात कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक घरों में चोरी और सड़कों पर मोबाइल और चेन लूटने वालों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कुछ सूचनाओं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने परतापुर निवासी हर्षित, तुषार और आशु को हिरासत में लिया है। उनकी निशानदेही पर कुछ मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने अपने कुछ साथियों के नाम भी बताए हैं। उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
आरोपियों ने बताया कि वे रात को सुनसान सड़कों पर खड़े होकर लिफ्ट मांगते थे और मौका पाकर लूट की वारदात को अंजाम दे देते थे। इसके अलावा वे बंद घरों में चोरी करते थे। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।