सरधना। थाना सरधना पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो युवकों को छात्राओं पर फब्तियां कसने और एक अन्य युवक को पुलिस कंट्रोल रूम पर झूठी सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि एंटी रोमियो टीम बृहस्पतिवार को सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज के आसपास गश्त पर थी। टीम को सूचना मिली कि दो युवक कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं का पीछा कर रहे हैं और फब्तियां कस रहे हैं। साथ ही आसपास के ठेले वालों से अभद्रता व झगड़े की शिकायत भी मिली। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से गांव वलीदपुर थाना दौराला निवासी अमित और चिंटू को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और पुष्टि के बाद दोनों को शांति भंग और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर चालान कर दिया। एक अन्य मामले में गांव समसपुर सुरानी निवासी बाबू को पुलिस कंट्रोल रूम पर झूठी सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार किया। बाबू ने कॉल कर अपने गांव में ड्रोन उड़ने और बदमाशों के घुसने की सूचना दी थी। पुलिस ने जांच की, लेकिन शिकायत झूठी निकली।