संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दौराला रेलवे फाटक पर 22 अप्रैल की रात हुई फायरिंग में घायल हुए अजय के मामले में दौराला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पीड़ित अजय ने घटना के बाद आकाश, प्रशांत, अभिषेक पंवार, रोहन, दक्ष और अंकित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि इन लोगों ने 22 अप्रैल की रात अजय पर फायरिंग की, जिसमें उसके हाथ में गोली लग गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मंगलवार को दौराला पुलिस ने आकाश, प्रशांत और अभिषेक पंवार को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने झारखंडेश्वर महादेव मंदिर मटौर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए तीन तमंचे बरामद किए। बरामद किए गए तमंचों का इस्तेमाल घटना में किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।