मेरठ। टीपीनगर पुलिस और एएचटीयू टीम के छापे में पार्लर में पकड़े गए सेक्स रैकेट के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को उनके परिजनों की सुपुर्दगी में छोड़ दिया है जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को मौके से अश्लील सामग्री भी मिली थी।
एसएसपी अविनाश पांडेय को सूचना मिल रही थी कि लंबे समय से पार्लर की आड़ में सेक्स रैकेट चल रहा है। जिसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाने की टीम और सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। टीम ने शारदा प्लाजा में पार्लर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट को पकड़ लिया था। पुलिस ने तीन महिलाएं और तीन युवकों को गिरफ्तार किया था।
सीओ सौम्या अस्थाना ने बताया कि अमरीश त्यागी निवासी कंकरखेड़ा मुख्य आरोपी है। यह ही संचालक है, जो फरार है। इसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गोला कुआँ कोतवाली निवासी इरशाद, शांतिकुंज रोहटा रोड टीपीनगर निवासी निशांत और श्रीधाम अपार्टमेंट रोहटा रोड कंकरखेड़ा निवासी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पांच मोबाइल, साढ़े बारह हजार रुपये, एक क्यूआर स्कैनर, छह रजिस्टर और अश्लील सामग्री बरामद की है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जहां-जहां पार्लर की आड़ में गलत कार्य हो रहे है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।